शुक्रवार, 15 नवंबर 2013

कमल नाथ की सभा का व्यय जुड़ सकता है रजनीश और राजकुमार के खाते में!

कमल नाथ की सभा का व्यय जुड़ सकता है रजनीश और राजकुमार के खाते में!

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। 13 नवंबर को सिवनी और केवलारी विधानसभा में संपन्न हुई केंद्रीय मंत्री कमल नाथ की सभा का व्यय भी सिवनी से कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार खुराना और केवलारी के कांग्रेस प्रत्याशी रजनीश सिंह के खाते में जोड़ा जा सकता है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के बाद यह कवायद की जा सकती है।
ज्ञातव्य है कि मध्य प्रदेश के जनसंपर्क संचालनालय द्वारा 13 अक्टूबर को जारी समाचार में कहा गया था कि मध्यप्रदेश में इस साल होने वाले विधानसभा निर्वाचन के दौरान उम्मीदवारों को चुनाव खर्च के मामले में बेहद सतर्क रहना होगा। निर्वाचन व्यय पर आयोग और विभिन्न टीमों की लगातार निगरानी रहेगी। उम्मीदवारों की निर्वाचन अभियान संबंधी प्रत्येक गतिविधियाँ भी वीडियोग्राफर के केमरे में दर्ज हांेगी।
विज्ञप्ति में आगे कहा गया था कि चुनाव के दौरान राजनैतिक दलों के स्टार प्रचारकों का दौरा, रैली, सभाओं पर भी विशेष निगाह रखी जायेगी। यदि उम्मीदवार स्टार प्रचारक के साथ यात्रा करता है तो पचास प्रतिशत यात्रा खर्च प्रत्याशी के चुनाव खर्च में जोड़ा जायेगा। यदि उम्मीदवार स्टार प्रचारक के साथ पंडाल सभा करता है और सभा में अपने नाम के साथ उसका फोटो या पोस्टर प्रदर्शित होता है तो सभा का खर्च भी प्रत्याशी के खाते में जोड़ा जायेगा। स्टार प्रचारक के साथ यात्रा खर्च में उन्हीं को छूट मिलेगी, जो परिचारक, सुरक्षा एवं चिकित्सा कर्मी, प्रिंट या इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का कोई प्रतिनिधि, कोई व्यक्ति या दल का सदस्य जो चुनाव क्षेत्र का प्रत्याशी तथा प्रत्याशी के चुनाव अभियान में सम्मिलित नहीं है।

जुड़ेगा प्रत्याशी के व्यय में खर्च: गुप्ता
इस संबंध में अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। मीडिया सर्टिफिकेशन और मीडिया मानीटरिंग समिति की प्रभारी बबीता मिश्रा ने बताया कि इस बारे में समूची जानकारी व्यय प्रेक्षक दे पाएंगे। इस संबंध में सिवनी के व्यय प्रेक्षक श्री गुप्ता से (9425827384) जब चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि आयोग के निर्देश पर स्टार प्रचारकों के कार्यक्रमों की वीडियोग्राफी करवाई जा रही है। सिवनी एवं केवलारी विधानसभा में 13 जून को हुई केंद्रीय मंत्री की सभा की सीडी तैयार हो गई है एवं आज संपन्न एल.के.आडवाणी की सभा की वीडियोग्राफी वे देखेंगे और निर्धारित करेंगे कि प्रत्याशी के खाते में व्यय जोड़ा जाए अथवा नहीं। उन्होंने कहा कि अगर स्टार प्रचारक द्वारा अभ्यार्थी के पक्ष में प्रचार किया जाता है, तो आधा खर्च प्रत्याशी के खाते में चला जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं: