गुरुवार, 20 जून 2013

उत्तराखण्ड में फंसे हैं सिवनी के चार परिवार!

उत्तराखण्ड में फंसे हैं सिवनी के चार परिवार!

(पीयूष भार्गव)

सिवनी (साई)। पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश के कहर ने लोगों की जान निकालकर रख दी है। मीडिया भी इससे संबंधित खबरों से पटा हुआ है। सिवनी के चार परिवार भी उत्तराखण्ड में बाढ़ में फंसे हैं जिनका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा है।
वरिष्ठ अधिवक्ता आमिर खान ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि सिवनी के तीन अधिवक्ता और एक व्यापारी का परिवार उत्तराखण्ड में फंसा हुआ है। श्री खान ने बताया कि अधिवक्ता गुलीश गौली, वेदान्त सनोडिया, हुकुम सिंह ठाकुर एवं एक व्यापारी विनय सनोडिया का परिवार उत्तराखण्ड भ्रमण पर था जिनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है।
अधिवक्ता आमिर खान ने बताया कि ये चारों परिवार संभवतः 9 जून को तीर्थ दर्शन के लिए सिवनी से निकले थे। उन्होंने बताया कि 15 जून को गुनीश गौली की अपने ससुराल वालों से बात हुई तब वे बद्रीनाथ के दर्शन कर कैदारनाथ को कूच कर गए थे। उस वक्त वे फाटा नामक स्थान पर थे, जो कैदारनाथ से लगभग 27 किलोमीटर की दूरी पर है।
इस संबंध में अधिवक्ताओं ने कल जिला पुलिस अधीक्षक मिथलेश शुक्ला से भेंट कर उन्हें इस बात से आवगत कराया था। पुलिस अधीक्षक ने तत्काल अपने स्तर पर कार्यवाही आरंभ कर दी थी। आज अधिवक्ताओं ने जिला कलेक्टर भरत यादव को इस संबंध में जानकारी दी है। जिला प्रशासन अपने स्तर पर कार्यवाही कर रहा है।

बताया जाता है कि इस संबंध में मुख्यमंत्री कार्यालय में बनाए गए कंट्रोल रूम में प्रभारी हरिरंजन राव एवं नीरज वशिष्ठ को इन चारों परिवारों के बारे में आवगत करा दिया गया है। साथ ही साथ दिल्ली में बुरदलोई मार्ग पर स्थित मध्य प्रदेश भवन में बनाए गए कंट्रोल रूम में शैलेंद्र सिंह को भी इस संबंध में आवगत कराया जा चुका है।

कोई टिप्पणी नहीं: