मंगलवार, 24 अप्रैल 2012

मध्यावधि चुनाव का खतरा मण्डरा रहा है देश में


मध्यावधि चुनाव का खतरा मण्डरा रहा है देश में

कांग्रेस भाजपा तय करेंगी वर्षांत में चुनाव के योग



(लिमटी खरे)

नई दिल्ली (साई)। केंद्र में सत्ता रूढ कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी दोनों ही के कदमताल देखकर लगने लगा है कि इस साल के अंत तक यह तय हो जाएगा कि देश में मध्यावधि चुनाव होगा या 2014 में ही आम चुनाव का बिगुल बजेगा। पांच राज्यों के चुनावों में कांग्रेस की हालत और दिल्ली नगर निगम चुनावों में भाजपा का परफार्मेंस आश्चर्यजनक रहा है जिस पर मंथन चल ही रहा है। आने वाले समय में साल के अंत में होने वाले गुजरात और हिमाचल चुनाव तय करेंगे कि देश को मध्यावधि चुनावों की आग में झोंका जाएगा या फिर तयशुदा समय पर ही चुनाव होंगे।
पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों में औंधे मुंह गिरी कांग्रेस को एक और बड़ा झटका दिल्ली नगर निगम चुनावों में लगा। घपले, घोटाले और भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार की छवि अब लगभग ना के बराबर ही बची है। सेना के साथ विवाद से यह भी साफ हो गया कि यूपीए टू में कुशल प्रशासकों की कमी है।
कांग्रेस के सत्ता और शक्ति के शीर्ष केंद्र 10, जनपथ के सूत्र बताते हैं कि रणनीतिकार इस समय इस बात को मथने में लगे हैं कि आखिर क्या वजह है कि पांच राज्यों में खराब प्रदर्शन के बाद दिल्ली एमसीडी में तीनों स्थानों पर कांग्रेस का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। इसके अलावा बंग्लुरू, चेन्नई और मुंबई में भी कांग्रेस के प्रदर्शन पर प्रश्नवाचक चिन्ह लग चुके हैं।
राज्यों में खराब प्रदर्शन से साफ हो गया है कि कांग्रेस का ग्रामीण अंचलों में तो जनाधार खिसका ही है साथ ही साथ उसने शहरों में भी अपने परंपरागत वोटर्स को दूर कर दिया है। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस ने एक अंदरूनी सर्वे करवाया है जिससे उसके आला नेताओं की नींद उड़ी हुई है। सर्वे के अनुसार कांग्रेस की हालत हरियाणा, राजस्थान, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में आज भी बेहद पतली ही है।
एमपी में सूबाई इकाई पर भाजपा के इशारों पर नाचने का आरोप है। कहा जा रहा है कि एमपीसीसी के प्रेजीडेंट कांतिलाल भूरिया ने एक सूची कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमति सोनिया गांधी को सौंपी है जिसमें उन आला नेताओं के नाम हैं जो भाजपा से गलबहियां कर कांग्रेस को कमजोर कर रहे हैं।
महाराष्ट्र में पूर्व सीएम विलास राव देशमुख पर निर्माता निर्देशक सुभाष घई को जमीन देने का आरोप है। महामहिम राष्ट्रपति के लिए बन रहे आशियाने पर भी सूबे में विवाद है। सूबे में राकांपा सुप्रीमो शरद पंवार एकला चलो की राह पर चलते दिख रहे हैं। पंवार के इस कदम से कांग्रेस के आला नेता सकते में ही दिख रहे हैं।
कुल मिलाकर कांग्रेस और भाजपा के अंदरखाने से छन छन कर बाहर आ रही खबरों का लब्बो लुआब यही सामने आ रहा है कि इस साल के अंत में गुजरात और हिमाचल प्रदेश के चुनावों के परिणामों पर रिसर्च कर दोनों ही बड़ी पार्टियां इस नतीजे पर पहुंच सकती हैं कि उनका अगला गठबंधन किस किस के साथ होगा और वे 2013 में मध्यावधि चुनावों की ओर कदम बढ़ाएं अथवा नहीं!

होगी बारिश, चलेगी आंधी, मौसम रहेगा खुशगवार


होगी बारिश, चलेगी आंधी, मौसम रहेगा खुशगवार

(शरद खरे)

नई दिल्ली (साई)। अप्रेल माह के दूसरे पखवाड़े में भगवान सूर्यनारायण अपने पूरे शबाब पर आ रहे हैं पर पवन देव की कृपा से बादल उनके रास्ते में आकर भगवान भास्कर के तेज से पृथ्वीवासियों को बचा रहे हैं। आने वाले दो तीन दिन भी मौसम इसी तरह खुशगवार रहने की उम्मीद है। इस माह का अंतिम सप्ताह भी लोगों के लिए राहत लेकर आने वाला है।
दिल्ली और एनसीआर में कम से कम दो दिनों तक गरमी का कहर नहीं झेलना पड़ेगा। आज यानी सोमवार को भी हल्की बारिश हो सकती है। शाम को आंधी चल सकती है। मंगलवार को भी आंधी के साथ बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अप्रैल का अंतिम सप्ताह खुशगवार ही रहेगा।
एनसीआर समेत उत्तर भारत में रविवार को मौसम ने फिर करवट ली। शाम को चली तेज हवाओं और हल्की बारिश ने लोगों को गर्मी से निजात दिलाई। बदले मौसम के कारण अधिकतम तापमान में अगले दो दिन कोई बड़ा अंतर देखने को नहीं मिलेगा। सोमवार को बादल रहेंगे। जबकि मंगलवार को फिर तेज हवा के साथ बारिश होगी। उत्तर पाकिस्तान के आसपास आए मौसम में परिवर्तन के कारण यह स्थिति बनी है।
उत्तर भारत के पहाड़ी इलाके जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश समेत कुछ अन्य इलाके के न्यूनतम तापमान में 2-5 डि.से. तक की कमी आई है। अगले 48 घंटे में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी यूपी में धूल भरी आंधी और तेज हवा के साथ बारिश होगी। मौसम विभाग के उप महानिदेशक आरसी वशिष्ठ का कहना है कि एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में मौसम कुछ इसी तरह का बना हुआ है।
सोमवार को बादल छाए रहे। जबकि मंगलवार को तेज हवा के साथ बौछारें पड़ेंगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के अनुसार, अप्रैल के अंतिम सप्ताह का मौसम खुशनुमा रहेगा। अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहेगा। रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डि.से. नीचे 35.6 डि.से. व न्यूनतम तापमान 23.4 डि.से. दर्ज किया गया। फरीदाबाद में 37.4 डि.से., गाजियाबाद में 35.1 डि.से. और नोएडा में अधिकतम तापमान 35.3 डि.से. दर्ज किया गया

मध्यप्रदेश की तिगारा पंचायत को राष्ट्रीय गौरव ग्राम सभा सम्मान


मध्यप्रदेश की तिगारा पंचायत को राष्ट्रीय गौरव ग्राम सभा सम्मान
 (प्रियंका श्रीवास्तव)
नई दिल्ली (साई)। मध्यप्रदेश के धार जिले की आदिवासी बहुल तिलगारा ग्राम सभा की सरपंच श्रीमती जामबाई मुनिया को आज यहां राष्ट्रीय गौरव ग्राम सभा पुरस्कार वर्ष 2012 के लिए सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय गौरव ग्राम सभा सम्मान के रूप में प्रशस्ति पत्र और 5 लाख रूपये की पुरस्कार राशि प्रदान की।
इसके अलावा मध्यप्रदेश की जिला धार और सीहोर तथा जनपद पंचायत हरदा और शाहपुर (बैतूल) को भी ग्राम विकास के दायित्वों के श्रेष्ठतम निर्वहन के लिए पुरस्कृत किया गया। यह पुरस्कार आज यहां विज्ञान भवन में राष्ट्रीय पंचायत राज दिवस के अवसर पर आयोजित सम्मेलन मंे दिया गया। कार्यक्रम में केन्द्रीय पंचायती राज मंत्री वी0 कृष्णचन्द्र देव, केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री जयराम रमेश और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मामलों के मंत्री पवन सिंह घाटोवार ने श्रेष्ठ पंचायतों को उल्लेखनीय कार्यों के लिए पुरस्कृत किया।
धार जिले की ग्राम पंचायत तिलगारा एक आदर्श ग्राम पंचायत है जहां पर अर्स्पश्यता, छुआछूत सामाजिक कुरीतियांे का कोई स्थान नहीं है। ग्राम सभा में समाज के सभी वर्ग के सदस्य एक साथ बैठकर एक मत से निर्णय लेते हैं। ग्राम-पंचायत क्षेत्र में लैंगिक भेद को कोई स्थान नहीं है। यहां की महिला सरपंच अनुसूचित जनजाति वर्ग की है एवं निर्वाचित पंच पुरूषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर ग्राम के विकास कार्यों में अग्रसर हैं।
समारोह में मध्यप्रदेश की श्रेष्ठ 14 ग्राम पंचायतों को पुरस्कृत किया गया। इनमें हरदा जिले की ग्राम-पंचायत रायबोरे और भाटपरेरिया, गुना की म्याना, हिनोतिया, रामनगर (लोधपुरा) और जामरा, होशंगाबाद की पगडाल और बनखेड़ी, सागर की चिरारी, खरगोन की नॉंदिया, धार की सिंघाना ओर नरसिंहपुर जिले की बुधवार ग्राम-पंचायत शामिल है। इसके साथ ही पंचायतों का सशक्तिकरण तथा जवाबदेही प्रोत्साहन पुरस्कार योजना-2012 में चयनित इन जिला-पंचायत धार और सीहोर को 25-25 लाख और जनपद पंचायत हरदा और शाहपुर (बैतूल) को 15-15 लाख तथा ग्राम-पंचायतों को 5-5 लाख रूपये की पुरस्कार राशि दी गई।
समारोह में मध्यप्रदेश से त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं का 65 सदस्यीय दल शामिल हुआ। इस अवसर पर आयुक्त पंचायती राज विश्वमोहन उपाध्याय के साथ पंचायत धार के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दीपक सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में पंचायती राज व्यवस्था के सुचारू क्रियान्वयन के जरिये ये संस्थायें सशक्त होकर विकास कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रही है। अधिकांश पंचायत राज संस्थायें जवाबदेही के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही हैं। यही वजह है कि प्रदेश के ग्रामीण अंचलों में तरक्की की तेज रफ्तार से आर्थिक के साथ-साथ सामाजिक परिवर्तन भी देखा जा सकता है।

संसद सत्र का आज से आगाज


संसद सत्र का आज से आगाज

(आशीष माहेश्वरी)

नई दिल्ली (साई)। संसद का बजट सत्र तीन सप्ताह के अवकाश के बाद आज आगे शुरू हुआ। सरकार ने कहा है कि वह लोकपाल और लोकायुक्त विधेयक पर आम सहमति बनाने की कोशिश कर रही है और संसद में इस पर चर्चा होगी। नई दिल्ली में मंत्रिसमूह के संवाददाता सम्मेलन में प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री वी नारायण सामी ने कहा कि लोकपाल विधेयक, लोकसभा पहले ही पास कर चुकी और यह राज्य सभा में विचाराधीन है।
लगभग एक सौ उननचास संशोधन प्रस्तुत किए हैं और सरकार इन पर विचार कर चुकी है। विभिन्न राजनीतिक नेताओं से चर्चा के बाद इस विधेयक के बारे में मतभेद कम हुए हैं और अब केवल पांच-छह मुद्दों पर सहमति नहीं है। सरकार इन्हें सुलझाने और बड़े मुद्दों पर आम सहमति बनाने के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ विचार-विमर्श कर रही है।
संसदीय मामलों के मंत्री पवन कुमार बंसल ने विश्वास व्यक्त किया है कि संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही सुचारू रूप से चलेगी। उन्होंने कहा कि इस सत्र के दौरान कई महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा होनी है। श्री बंसल ने बताया कि करीब ४० विधेयक संसद द्वारा पारित किये जाने हैं। इनमें से २३ विधेयक संसद की विभिन्न स्थायी समितियों के पास हैं।
श्री बंसल ने कहा कि दस विधेयक तैयार हैं और सरकार उन्हें जल्द से जल्द कार्यसूची में शामिल करना चाहती है।  उन्होंने कहा कि अनुदान मांगों पर बहस, इस महीने की २६ तारीख को शुरू होगी। संसदीय मामलों के मंत्री ने कहा कि बीमा संशोधन विधेयक, पेंशन नियमन विधेयक और बैंकिंग संशोधन विधेयक पर, वित्त विधेयक पारित होने के बाद चर्चा होने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि बीमा संशोधन विधेयक, पेंशन नियामक विधेयक और बैंकिंग संशोधन विधेयकों को संसद की स्थायी समिति देख चुकी है। वित्तमंत्रालय हमें बतायेगा कि वह इसमें क्या संशोधन चाहता है। वित्त विधेयक पारित होने के के तुरंत बाद इन्हें चर्चा के लिए प्रस्तुत किया जा सकता है।
मानव संसाधन विकास मंत्री कपिल सिब्बल ने बताया कि केन्द्रीय शिक्षा आरक्षण विधेयक सहित उच्च शिक्षा के दो महत्वपूर्ण विधेयकों पर इस सत्र में चर्चा होगी। नागरिक शिकायत निवारण विधेयक पर भी चर्चा होगी। खाद्य सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण विधेयक संसद में स्थायी समिति के पास है। इसके अलावा संसद २०१२ -१३ का बजट पास करेगी।
उधर, भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले एनडीए ने कहा है कि वह बजट सत्र के आज से शुरू हो रहे दूसरे भाग में माओवाद और देश की रक्षा तैयारियों जैसे कुछ महत्वपूर्ण मुद्दे उठायेगी। भाजपा के वरिष्ठ नेता अरूण जेटली ने कल एनडीए नेताओं की बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में यह जानकारी दी। बैठक की अध्यक्षता श्री लालकृष्ण आडवाणी ने की। श्री जेटली ने कहा कि देश में आर्थिक सुधार और कपास के निर्यात समेत कई मुद्दे इस सत्र में भी उठाये जाएंगे।

एनआरएचएम मामले में एक धरा गया


एनआरएचएम मामले में एक धरा गया

(महेश रावलानी)

नई दिल्ली (साई)। उत्तर प्रदेश में सीबीआई ने राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन में करोड़ों रुपये के कथित घोटाले के सिलसिले में एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार विवेक जैन को राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के तहत चिकित्सा उपकरणों की खरीद में कथित अनियमितताओं के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
बताया जाता है कि विवेक जैन पर आरोप है कि इसने चार सौ करोड़ रूपए के ठेके प्राप्त किए और सामानों की आपूर्ति मनमाने दर से करके लगभग डेढ़ करोड़ रूपए की सरकारी राजस्व को क्षति पहुंचाई। सीबीआई एनआरएचएम के कथित घोटाले में तत्कालीन स्वास्थ्य महानिदेशक डॉक्टर एसपी राम सहित १४ लोगों के खिलाफ अदालत में आरोप पत्र दाखिल कर चुकी है। उधर, प्रवर्तन निदेशालय ने इस मामले में आरोपी व्यक्तियों के विरूद्ध चल-अचल संपतियों का पता लगाना शुरू कर दिया है जिसे उसे मनी लांड्रिंग के नियमों के तहत जब्त किया जा सके।