रविवार, 8 अप्रैल 2012

राहुल की नजरों से उतर गए दिग्गी, कनिष्क


राहुल की नजरों से उतर गए दिग्गी, कनिष्क

यूपी में औंधे मुंह गिरने से राहुल दरबार में ग्राफ गिरा राजा का

सत्यव्रत या राहुल के हाथों होगी यूपी की कमान

 
(लिमटी खरे)

नई दिल्ली (साई)। कल तक राहुल गांधी के अघोषित द्रोणाचार्य की भूमिका निभाने वाले कांग्रेस के महासचिव राजा दिग्विजय सिंह का शनि भारी होता दिख रहा है। राहुल के दरबार में अब दिग्गी राजा को ज्यादा भाव नहीं मिल रहा है। राहुल गांधी अपनी नई टीम को गढ़ने की कवायद में लगे हैं। अपने और अपनी मां श्रीमति सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र वाले उत्तर प्रदेश सूबे को जल्द ही राजा दिग्विजय सिंह के प्रभार से मुक्त कर राहुल इसका प्रभार अपने पास रखने वाले हैं।
कांग्रेस की नजरों में भविष्य के प्रधानमंत्री राहुल गांधी के करीबी सूत्रों का कहना है कि उत्तर प्रदेश में अब कांग्रेस के प्रभारी राजा दिग्विजय सिंह के स्थान पर राहुल गांधी ही प्रभारी महासचिव होंगे। वैसे, कहा जा रहा है कि राज्यसभा सदस्य सत्यव्रत चतुर्वेदी जो राजा दिग्विजय सिंह के धुर विरोधी हैं, को यूपी की कमान देकर राजा दिग्विजय सिंह के पर कतरने की तैयारी की जा रही है।
दरअसल, राहुल गांधी को मशविरा दिया गया है कि वे उत्तर प्रदेश में सबसे पहले कांग्रेस के संगठन को खड़ा करें, वरना कांग्रेस अध्यक्ष के राजनैतिक सचिव अहमद पटेल के गृह सूबे गुजरात और राहुल के अघोषित राजनैतिक गुरू राजा दिग्विजय सिंह के गृह सूबे एमपी की तरह ही उन पर अपने घर में कांग्रेस ना बचा पाने के आरोप लगने लगेंगे।
सूत्रों ने कहा कि राहुल गांधी ने पार्टी के आला नेताओं को साफ कर दिया है कि जब तक वे उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत नहीं करते तब तक वे पार्टी में और कोई जिम्मेवारी नहीं लेंगे। यहां तक कि राहुल गांधी ने अपने आप को पार्टी के अहम फैसलों से भी प्रथक कर लिया है। सूत्रों के अनुसार राहुल ने उत्तर प्रदेश से इतर कहीं भी सियासी नियुक्ति से खुद को प्रथक कर रखा है।
अज्ञात बीमारी की शल्य क्रिया कराकर वापस आईं सोनिया गांधी अब राजनैतिक तौर पर पहले के मुकाबले कम ही सक्रिय नज़र आ रहीं हैं। यही कारण है कि राहुल गांधी पर सोनिया की जिम्मेदारियों का बोझ कम करने का दबाव है। बावजूद इसके राहुल ने बड़े ही सम्मान के साथ इन जवाबदारियों को लेने से इंकार कर दिया है। यहां तक कि अगामी दिनों में गुजरात और हिमाचल में विधानसभा चुनावों में भी खुद द्वारा सीमित प्रचार की बात कही है।
राहुल के करीबी सूत्रों का कहना है कि चुनाव के बाद तार तार हो चुकी कांग्रेस की इज्जत के इस हाल के लिए उस वक्त अपने सलाहकार राजा दिग्विजय सिंह और कनिष्क सिंह को बचाने के लिए भले ही राहुल ने हार की जवाबदारी अपने सर ले ली हो पर बाद में जब वास्तविकता राहुल के सामने आई तब राजा दिग्विजय सिंह और कनष्कि सिंह दोनों ही राहुल की नजरों से उतर गए हैं।

अपहृत सुरक्षित छूटेंगे


अपहृत सुरक्षित छूटेंगे

(प्रतिभा सिंह)

भुवनेश्वर (साई)। ओडिशा में सरकार और इटली के नागरिक के अपहरणकर्ताओं के मध्यस्थों के बीच गतिरोध कल समाप्त हो गया। राज्य के गृह सचिव यू एन बेहरा ने बताया कि कई दौर की चर्चा के बाद दोनों मध्यस्थों ने सूचित किया है कि माओवादी इटली के दूसरे नागरिक को सुरक्षित छोड़ देंगे।
दोनों पक्षों ने संयुक्त बयान में कहा है कि राज्य सरकार अपहरणकर्ताओं की मांग के अनुसार छह कैदियों में से पांच को रिहा करने पर सहमत हो गई है।इस बीच, विधायक झिना हिकाका के अपहरणकर्ताओं ने सरकार से पहले के आठ कैदियों के अलावा पांच और को रिहा करने को कहा है। उन्होंने रिहा किए जाने के लिए पांच कैदियों के नाम भी भेजे हैं। माओवादियों के आंध्र-ओडिशा डिवीजन ने समयसीमा शनिवार से तीन दिन और बढ़ाकर मंगलवार कर दी है।

आतंकी ठिकाना ध्वस्त


आतंकी ठिकाना ध्वस्त

(दीपाली सिन्हा)

जम्मू (साई)। जम्मू-कश्मीर के रजौरी जिले में सुरक्षाबलों ने कल आतंकवादियों के छिपने के एक ठिकाने का ध्वस्त कर दिया और वहां से भारी मात्रा में हथियार और गोली-बारूद बरामद किए। रक्षा प्रवक्ता ने जम्मू में बताया कि राष्ट्रीय राइफल्स और पुलिस के संयुक्त दस्ते ने रजौरी के कोटरंका क्षेत्र में आतंकवादियों के इस ठिकाने पर हमला बोला। प्रवक्ता ने बताया कि वहां एक प्राकृतिक गुफा के नीचे युद्ध सामग्री रखे जाने जैसा भंडार पाया गया।

सिक्किम में पहला सरकारी मेडीकल जल्द


सिक्किम में पहला सरकारी मेडीकल जल्द

(वीरेद्र सिन्हा)

गंगटोक (साई)। सिक्किम को जल्द ही सरकारी आयुर्विज्ञान महाविद्यालय की सौगात मिलने वाली है। सिक्किम में शीघ्र ही पहला सरकारी चिकित्सा महाविद्यालय खोला जायेगा। इससे राज्य में सरकारी अस्पतालों में एमबीबीएस डॉक्टरों की कमी से निपटने में मदद मिलेगी। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डी.एन. ठाकरपा ने कल गंगटोक में विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर यह घोषणा की।
उल्लेखनीय होगा कि नया मेडिकल कॉलेज सिक्किम मणिपाल इंस्टिच्यूट ऑफ मेडिकल साइन्सेस के अलावा होगा जो कि राज्य सरकार और एक निजी विश्वविद्यालय का संयुक्त उपक्रम हैं। गंगतोक के पास लोअर सिक्किम में मौजूद मंडी समिति की इमारत में राज्य स्तरीय जी एम ट्रेनिंग इंस्टीच्युट भी खोला जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री डी.एन. ठाकरपा विश्व स्वास्थ्य दिवस पर मुख्यमंत्री वार्षिक समग्र तथा व्यापक स्वास्थ्य कार्यक्रम कैच के तहत राज्य में बायोमैट्रिक स्वास्थ्य कार्ड बांटने की भी शुरूआत की। राज्य के सभी नागरिकों को अगले वर्ष फरवरी तक ये कार्ड उपलब्घ करा दिये जाएंगे और तब सिक्किम भी उन राज्यों में शामिल हो जाएगा, जो अपने नागरिकों की अच्छी देख-रेख करते हैं।

विज्ञान के लिए केंद्र ने खोले खजाने


विज्ञान के लिए केंद्र ने खोले खजाने

(अनेशा वर्मा)

कुरूक्षेत्र (साई)। केन्द्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी सचिव डॉ. टी. रामासामी ने कहा है कि भारत सरकार ने स्कूल और कॉलेजों में विज्ञान की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र ने १२वीं पंचवर्षीय योजना में इसके लिए बजट को दोगुना कर २४ हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।
श्री रामासामी कुरूक्षेत्र विश्वविद्यालय में वैज्ञानिकों को ‘‘गोयल पुरस्कार‘‘ से सम्मानित करने के लिए आयोजित समारोह में बोल रहे थे। इस अवसर पर छह वैज्ञानिकों को गोयल पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जबकि तीन युवा वैज्ञानिकों को राजीव गोयल युवा पुरस्कार प्रदान किया गया