सोमवार, 28 नवंबर 2011

यूपी में भ्रष्टाचार, यूपीए साफ सुथरी!


ये है दिल्ली मेरी जान

(लिमटी खरे)

यूपी में भ्रष्टाचार, यूपीए साफ सुथरी!
कांग्रेस की नजर में भविष्य के वजीरे आजम राहुल गांधी के दो चेेहरे देखकर दिल्लीवासी अचरज में हैं। राहुल गांधी के लिए प्रधानमंत्री आवास तक का रोड़ मैप तय करने में लगे हैं कांग्रेस के रणनीतिकार। इसीलिए राहुल गांधी को बने बनाए भाषण पढ़ने को दिए जाते हैं। राहुल के महिमा मण्डन के लिए मीडिया पर करोड़ों अरबों खर्च किए जा रहे हैं। राहुल की हर यात्रा में कितना खर्च होता है इस बात की कल्पना मात्र से ही रोंगटे खड़े हो जाते हैं। हाल ही में राहुल की नजरें यूपी के भ्रष्टाचार पर इनायत हैं। लोग उनके द्वारा माया मेम साहब पर तीखे वारों से काफी प्रसन्न हैं। महज बीस माह में केंद्र में कांग्रेसनीत यूपीए में अरबों करोड़ के सौ से अधिक घोटाले हो चुके हैं। जब केेंद्र के भ्रष्टाचार की बात आती है तो राहुल बाबा मौन हो जाते हैं। अब ऐसी स्थिति में यूपी में भ्रष्टाचार पर यूपीए साफ सुथरी! है न आश्चर्य की बात है राहुल बाबा को भ्रष्टाचार पर बोलने के वक्त यूपीए के भ्रष्टाचार न दिखने को क्या कहा जाएगा?

थप्पड़ पंवार के नहीं देश के गाल पर!
केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पंवार के गाल पर झन्नाटेदार झापड़ क्या पड़ा मीडिया पिल पड़ा। सारा दिन चलती रही चेनल्स और वेब पोर्टल्स पर खबर, अगले दिन अखबारों ने भी जमकर शोर मचाया। भ्रष्टाचार के ईमानदार संरक्षक वजीरे आजम डाॅ.मनमोहन सिंह कह पड़े कि इसको ज्यादा तूल देने की जरूरत नहीं है। अरे भई क्यों न दिया जाए तूल। झापड़ किसी ओर को नहीं भारत गणराज्य के जिम्मेदार पद पर बैठी शख्सियत को पड़ा है। यह थप्पड़ राष्ट्र के मंत्री पर पड़ा है। दुनिया भर में भारत की क्या छवि बनी होगी? क्या मनमोहन सिंह इसे तूल न देने के बजाए राष्ट्र धर्म को गठबंधन धर्म से उपर बताकर शरद पंवार से त्यागपत्र मांग सकते हैं? नहीं, उन्हें सरकार जो चलाना है। भले ही इसके लिए देश के निवासी कोई भी कीमत चुकाते रहें, मनमोहन सिंह को तो बस अपनी कुर्सी की ही परवाह है।

जनता के पैसे हवा में उड़ाते दरिया दिल शिवराज
देश की राजनैतिक राजधानी दिल्ली के प्रेस क्लब में पिछले दिनों देश भर के हर सूबे के मुख्यमंत्रियों के बारे में चर्चा हो रही थी। सारे मुख्यमंत्रियों में दरियादिल मुख्यमंत्रियों के बारे में जब बारी आई तो देश के हृदय प्रदेश के निजाम शिवराज सिंह चैहान सबसे अव्वल दर्जे में आए। जनता के टेक्स से संग्रहित राजस्व को उड़ाने में शिवराज सिंह का कोई सानी नहीं है। अपना खुद का हवाई जहाज और चैपर होने के बाद भी शिवराज ने किराए के उड़न खटोलों में नौ करोड़ आठ लाख 21 हजार 764 रूपए फूंक दिए। सरकार ने भाजपा के मंत्रियों के अलावा जमुना देवी, कांग्रेस समर्थित राज्य सभा उम्मीदवार रहे विवेक तन्खा को हवा में सैर कराई। सबसे अधिक आश्चर्यजनक बात तो यह है कि शिवराज ने शिवसेना के कार्यकारी अध्यक्ष उद्ध्व ठाकरे जबर्दस्त प्यार उडेला और उन्हें भी एमपी के खर्चे पर हवा में सैर करवा दी।

गरमा गरम चिंकारा ले लो!
काले हिरण को विलुप्त प्रजाति का माना जा रहा है। इसके शिकार के आरोप में वालीवुड के न जाने कितने सितारों को सीखचों की हवा भी खानी पड़ी। फिर भी चिंकारा का शिकार नहीं रूक पा रहा है। सलमान खान, सैफ अली खान, नीलम, तब्बू, सोनाली बेंन्द्रे आदि को सपने में भी चिंकारा दिख जाता होगा तो वे जाग जाते होंगे। इक्कीसवीं सदी के पहले दशक की समाप्ति के बाद इस साल भारतीय सेना सर्दियों में राजस्थान की दिन में तपती तो रात में हाड़ गलाने वाली ठंड में बड़ा युद्धाभ्यास कर रही है। सेना के केंप में से तीन चिंकारा के सिर मिलना वाकई हैरत की बात है। दुश्मनों का सिर काटने वाली सेना ने अपने ही भोजन के लिए काले हिरणों का शिकार कर डाला। यह वाकई भारतीय सेना के लिए शर्म की ही बात मानी जा रही है। अब सेना के आला अफसर चुप हैं, केंद्रीय गृह मंत्री चुप हैं, सबसे आश्चर्य तो इस बात का है कि विपक्ष को मानो पक्षाघात हो गया है इस मामले में।

सत्ता और संगठन में बढ़ी दूरियां
मध्य प्रदेश भाजपा में सब कुछ सामान्य नहीं है। शिवराज सिंह चैहान और सूबे के भाजपा महिला मोर्चा में तलवारों की खनक सुनाई पड़ने लगी हैं। एक तरफ महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष श्रीमति नीता पटेरिया अपनी विधानसभा की चिंता में दुबली होती जा रहीं हैं और दूसरी ओर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान हैं कि उनकी ओर ध्यान ही नहीं दे रहे हैं। संभाग, आयुर्विज्ञान महाविद्यालय, फोरलेन के मसले पर पीठ दिखाने के बाद अब शिवराज सिंह चैहान ने रेल मंत्री दिनेश त्रिवेदी से चर्चा के दौरान भी छिंदवाड़ा सिवनी नैनपुर की मांग न उठाकर नीता पटेरिया के प्रति अपना रवैया साफ कर दिया है। श्रीमति पटेरिया सांसद थीं और परिसीमन में सीट के अवसान के उपरांत तत्कालीन सिटिंग एमएलए नरेश दिवाकर की टिकिट कटवाकर विधायक बनीं हैं। श्रीमति पटेरिया का संसदीय अनुभव देखकर लग रहा था कि उन्हें लाल बत्ती से नवाजा जाएगा, वस्तुतः एसा हुआ नहीं।

फोरलेन हुआ दिल्ली भ्रमण का बहाना
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की राजग सरकार की महात्वाकांक्षी स्वर्णिम चतुर्भुज सड़क परियोजना के अंग उत्तर दक्षिण गलियारे में फंसा पेंच सिवनी के निवासियों के लिए दिल्ली भ्रमण का माध्यम बन चुका है। कांग्रेस और भाजपा के प्रतिनिधि जब चाहे तब दिल्ली की सैर करने जाते हैं और या तो दिल्ली से या फिर सिवनी जाकर विज्ञप्ति वीर नेता फोरलेन के रोडे हटाने की बात कहकर वाहवाही बटोर लेते हैं। हाल ही में विधानसभा उपाध्यक्ष हरवंश सिंह ठाकुर के नेतृत्व में एक पचास सदस्यीय प्रतिनिधिमण्डल दिल्ली आया। पता चला कि उन्होंने विज्ञप्ति जारी करवा दी कि केंद्रयी वन एवं पर्यावरण मंत्री जयंती नटराजन, भूतल परिवहन मंत्री जयराम रमेश और शहरी विकास मंत्री कमल नाथ इस मामले में जल्द ही कार्यवाही करेंगे। भले मानस, जब मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार ने ही प्रस्ताव केंद्र को नहीं भेजा तब भला केंद्रीय मंत्री किस बिनहा पर आश्वासन दे रहे हैं।

प्रणव मनमोहन में बढ़ी दरार
प्रधानमंत्री की कुर्सी पर नजरें गड़ाए हुए प्रणव मुखर्जी अब दस जनपथ (सोनिया का सरकारी आवास) का विश्वास पुनः हासिल करने का जतन कर रहे हैं। कल तक मनमोहन सिंह और प्रणव मुखर्जी के बीच हुई संधि में प्रणव को उप प्रधानमंत्री बनाने की चर्चाएं थीं। कहा जा रहा था कि प्रणव ने कांग्रेस के सत्ता और शक्ति के शीर्ष केंद्र 10 जनपथ से दूरी बना ली थी। हालिया राजनैतिक समीकरणों से एक बार फिर प्रणव ने अपनी चाल बदल दी है। अब वे सोनिया के साथ खड़े नजर आ रहे हैं। पिछले दिनों उन्होंने मशहूर नोबेल पुरूस्कार प्राप्त आर्थिक विश्लेषक जोसस इयूजिन स्टिगलिट्स को भारत आने का न्योता देकर सभी को चैंका दिया है। इन्होंने ही अमेरिका और यूरोप में आई आर्थिक मंदी की भविष्य वाणी की थी। उनका मिजाज सख्त बाजार समीक्षक का भी है। जानकारी इस न्योते को वजीरे आजम की मौजूदा बाजार नीति के खिलाफ प्रणव की पहल के तौर पर देख रहे हैं।

जन्म दिवस पर अभिनव अपील
ग्लोबल कायस्थ परिवार ने देश के पहले महामहिम राष्ट्रपति डाॅ.राजेन्द्र प्रसाद का जन्म दिन अंतर्राष्ट्रीय चित्रांश दिवस के तौर पर मनाने की अपील की है। डाॅक्टर राजेंद्र प्रसाद ने सादगी की प्रतिमूर्ति बनकर मूल्यों को कायम रख कायस्थ वंशजों का मान बढ़ाया है। ग्लोबल कायस्थ फेमली के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने उक्ताशय की अपील करते हुए कहा है कि भगवान चित्रगुप्त के वंशजों की एकता के लिए सभी चित्रांश बंधु राजेंद्र बाबू के जन्म दिवस पर 3 दिसंबर को स्थानीय स्तर पर सामाजिक संस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर उन्हें याद करें। उन्होंने अपील की है कि इस दिन स्थानीय स्तर पर रक्त दान शिविर जैसे प्रोग्राम का आयोजन सराहनीय हो सकता है।

दिल के अरमा आंसुओं में बह गए. . .
कहते हैं कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान और कांग्रेस के नेताओं के बीच अघोषित अदृश्य समझौता है। शिवराज अपने सूबे में केंद्र और कांग्रेस पर जमकर बरसते हैं, पर जब दिल्ली आते हैं तब वे खामोशी ओढ़ लेते हैं। यह बात भाजपा और कांग्रेस के नेशनल लेवल के नेताओं के संज्ञान में आ चुकी है। पिछले दिनों शिवराज सिंह चैहान ने भोपाल में राजा भोज सहस्त्राब्दी समारोह में घोषणा कर दी कि भोपाल का नाम भोजपाल किया जाएगा। एमपी कोटे के एक पूर्व केंद्रीय मंत्री को यह बात नागवार गुजरी। उन्होंने इसका प्रस्ताव केंद्र को ही न जाए इसके लिए एडी चोटी एक कर दी। बाद में जैसे तैसे मामला केंद्र के पास गया तो उन्होंने अपना वीटो पावर लगा दिया इसे रद्द करवाने में। केंद्र को तीस शहरों के नाम बदलने के प्रस्ताव मिले, भोपाल को छोड़कर शेष 29 को हरी झंडी मिली और शिवराज का प्रस्ताव अस्वीकार कर दिया गया।

राहुल की नजरें भूरिया पर तिरछी!
कांग्रेस की नजर में भविष्य के वजीरे आजम राहुल गांधी इन दिनों संगठन के काम काज में ज्यादा रूचि दिखाने लगे हैं। उनकी नजरें मध्य प्रदेश पर भी हैं। मध्य प्रदेश में 14 से 19 नवंबर तक चलने वाले पोल खोल अभियान पर उन्होंने विशेष नजर रखी थी। मध्य प्रदेश में यह अभियान चारों खाने चित्त गिरा। राहुल के करीबी सूत्रों का कहना है कि इसके लिए राहुल ने भूरिया को लताड़ा भी है। राहुल इस बात से ज्यादा चकित बताए जाते हैं कि मध्य प्रदेश में राजा दिग्विजय सिंह, कमल नाथ, ज्यातिरादित्य सिंधिया, सुरेश पचैरी, अरूण यादव, मध्य प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष हरवंश सिंह ठाकुर, खुद कांति लाल भूरिया, मीनाक्षी नटराजन, राहुल सिंह, श्रीनिवास तिवारी, जैसे प्रदेश के दिग्गजों के क्षेत्र में भी पोल खोल अभियान परवान नहीं चढ़ सका। सारी जमीनी हकीकत से रूबरू होने के बाद राहुल गांधी का पारा सातवें आसमान पर पहुंचना लाजिमी ही था।

हंगामा है क्यूं बरपा. . .
केंद्रीय मंत्री शरद पंवार को थप्पड़ पड़ा और हंगामा हो गया। सबसे ज्यादा चीख पुकार तो तब हुई जब सरकार को हिलाने वाले अण्णा हजारे ने कहा -‘‘क्या बस एक ही मारा!‘‘ दोनों ही महाराष्ट्र सूबे से हैं। पंवार और हजारे के बीच की अनबन किसी से छिपी नहीं है। दोनों एक दूसरे को फूटी आंख नहीं सुहाते। फिर क्या था पंवार समर्थकों ने बबाल काटा। पंवार समर्थक अण्णा के गांव रालेगण सिद्धि में जाकर हंगामे पर उतर आए और अनशन पर बैठ गए। अण्णा समर्थक भी पीछे नहीं रहे। झड़पों के कई दौर हुए उनके बीच। आरोप प्रत्यारोप के बीच अण्णा समर्थकों ने कहा कि जब किसानों पर गोलियां दागी जाती हैं तब कहां रहते हैं एनसीपी के लोग। इस सबका दुखद पहलू यह था कि अहिंसा का पाठ पढाने वाले अण्णा के गांव के लोग पत्थरबाजी तक पर उतर गए।

पुच्छल तारा
इस समय हरविंदर सिंह का पंजा और शरद पंवार का गाल हाट टापिक है। जिसे देखो वह इसी बात में लगा हुआ है। अहमदनगर से अखिल जैन से एक ईमेल भेजा है। अखिल लिखते हैं कि हरविंदर सिंह ने पहले सुखराम पर हमला बोला, सुखराम को जेल हो गई। अब हरविंदर ने शरद पंवार को मारा, तो क्या पंवार भी जेल जाएंगे। कभी कभी तो लगता है कि अण्णा हजारे ही गलत हैं। एसे लोगों को जेल में बंद करने का यही रास्ता शायद ठीक है। अधिकतर लोगों का मानना है कि हरविंदर जी आपका तरीका गलत हो सकता है पर आप किसी भी दृष्टिकोण से गलत नहीं हैं। इसके साथ ही वे आगे लिखते हैं 
एक सरदार, बैठा था बेकार!
मंहगाई से था लाचार!!
उसकी मां को आया विचार!
खिलाया उसको सिंधी अचार!!
हो गया चमत्कार!
लाफा खाया शरद पंवार!!

शिव के राज में बुरी तरह प्रदूषित हैं नदियां


शिव के राज में बुरी तरह प्रदूषित हैं नदियां

बैनगंगा है पूरी तरह प्रदूषण मुक्त!

उद्योगों की मार से बढ़ा नदियों में प्रदूषण

मोक्ष मांगती मोक्षदायनी क्षिप्रा

(लिमटी खरे)

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश की जीवन रेखा मानी जाती है नर्मदा। इसके अलावा जीवनदायनी कल कल बहती नदियों में चंबल, क्षिप्रा, बेतवा, कलियासोत, मंदाकनी, टोंस, खान आदि नदियां हैं, जो देश के हृदय प्रदेश में जीवन बांटती चल रही हैं। इनमें से बैनगंगा नदी को छोड़कर शेष सारी नदियां मध्य प्रदेश में प्रदूषण के मानकों पर रडार पर ही हैं। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय नदियों की इस तरह हो रही दुर्दशा के लिए चिंतित नजर आ रहा है, पर मध्य प्रदेश के सांसदों को इस बात की कतई परवाह नहीं है।

वन एवं पर्यावरण मंत्रालय के उच्च पदस्थ सूत्रों का दावा है कि एक सर्वेक्षण में यह बात उभरकर सामने आई है जो चिंताजनक मानी जा सकती है। सूत्रों ने कहा कि भविष्य की अचल संपत्ति अब पानी ही होने वाली है और राज्य सरकार पानी के मामले में इस कदर बेपरवाह है कि आने वाले सालों में स्थिति की भयावहता का अंदाजा लगाना कठिन ही है। विकास के नाम पर औद्योगीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है किन्तु मानकों का पालन न किए जाने की स्थिति में यह विकास भविष्य में वास्तव में विनाश ही साबित होने वाला है।

सूत्रों के अनुसार नदियों में बाॅयो केमिकल आक्सीजन डिमांड अर्थात बीओडी की मात्रा का आंकलन किया गया, जिसके परिणाम चिंताजनक मिले हैं। पानी में इसका निर्धारित मानक प्रति लीटर में तीन मिली ग्राम होना चाहिए। आश्चर्य तो तब हुआ जब सूबे की आर्थिक राजधानी इंदौर में खान नदी में यह 17 फीसदी अधिक मिला। इंदौर की खान नदी में इसकी मात्रा पचास मिली ग्राम प्रति लीटर पाई गई। इंदौर में नदी के प्रदूषित होने का सबसे बड़ा कारण वहां जल मल निकासी का पानी खान नदी में मिलना है।

उज्जैन के नागदा क्षेत्र में औद्योगिक संयंत्रों के जहरीले अपशिष्ट से यहां क्षिप्रा बुरी तरह प्रदूषित हो रही है। नागदा में चंबल नदी में बीओडी का स्तर 34 मिली ग्राम मिला है। वहीं उज्जैन में क्षिप्रा में इसकी मात्रा प्रंदह पाई गई। अमरकंटक से निकलकर बरास्ता जबलपुर नरसिंहपुर होशंगाबाद पहुंची मध्य प्रदेश की जीवनरेखा नर्मदा में इसकी मात्रा होशंगाबाद में 11.4 पाई गई। इसी तरह टोंस में 8 तो रायसेन में बेतवा नदी में 6.8, औद्योगिक क्षेत्र मंडीदीप में कलियासोत नदी में यह 5 तो चित्रकूट में मंदाकनी में इसकी मात्रा 5 मिली ग्राम प्रति लीटर पाई गई।

मध्य प्रदेश की इकलौती नदी बैनगंगा है जो प्रदेश में प्रदूषण मुक्त मानी गई है। भगवान शिव की नगरी सिवनी से सात किलोमीटर दूर दक्षिण दिशा में मंुडारा से प्रकट हुई बैनगंगा नदी पर सिवनी जिले में ही एशिया का सबसे बड़ा मिट्टी का बांध भीमगढ़ बनाया गया है। यहां से यह बालाघाट होते हुए महाराष्ट्र में प्रवेश कर जाती है। इस नदी में बीओडी की मात्रा आपेक्षाकृत निर्धारित ही पाई गई।

नदियों पर बीओडी के सर्वेक्षण से प्रदेश में पेयजल प्रदाय करने वाली नदियां ही बुरी तरह प्रभावित नजर आ रही हैं। नदियों में मानक स्तर से अधिक प्रदूषण पाए जाने से अब राजनैतिक राजधानी भोपाल, आर्थिक राजधानी इंदौर, संस्कारधानी जबलपुर, धार्मिक नगरी उज्जैन, चित्रकूट, सहित खण्डवा, रायसेन, नरसिंहपुर आदि शहरों में इन नदियों का पानी आचमन के योग्य भी नहीं बचा है। इस तरह के प्रदूषित पानी से स्नान करने पर चर्मरोगों का खतरा स्वयमेव ही बढ़ जाता है।

फोर जी सबसे पहले एमपी में


फोर जी सबसे पहले एमपी में

मंत्री सांसद उदासीन फिर भी एमपीसीजी आगे

(लिमटी खरे)

नई दिल्ली। भले ही दूरसंचार के टू जी स्पेक्ट्रम में विवादों का सिलसिला अभी थमा नहीं हो पर देश का अविभाजित हृदय प्रदेश फोर जी सुविधा में बाजी मार ले जाएगा। अविभाजित मध्य प्रदेश (अब मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़) में फोर जी नेटवर्क कनेक्टिविटी सबसे पहले आने की संभावनाएं प्रबल हो गई हैं।

दूसरसंचार मंत्रालय के उच्च पदस्थ सूत्रों ने उक्ताशय की जानकारी देते हुए कहा कि अगले साल हिन्दुस्तान पहुंचने वाली फोरजी तकनीक के लिए मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में धरातल तलाशा जा रहा है। सूत्रों के अनुसार यद्यपि इसके लिए मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के किसी मंत्री या सांसद ने प्रयास नहीं किए हैं, फिर भी इस सेवा के लिए एमपी सीजी को ही मुफीद माना जा रहा है।

सूत्रों ने आगे कहा कि अगले साल की दूसरी तिमाही में फोर जी नेटवर्क कनेक्टविटी मध्य प्रदेश की राजनैतिक राजधानी भोपाल, व्यवसायिक राजधानी इंदौर तथा छत्तीसगढ़ की राजनैतिक राजधानी रायपुर में लाॅच होने की उम्मीद है। औगेर नामक एक ब्रितानी कंपनी ने इरिक्सन के साथ किए अनुबंध के बाद इस नई टेलीकाम सेवा को जूश के नाम से आरंभ कर सकती है।

तानाशाह हैं दिग्विजय: राजा


बजट तक शायद चलें मनमोहन . . . 38

तानाशाह हैं दिग्विजय: राजा

उल्टा पड़ा दिग्विजय का तीर

दिग्गी राजा के बयान पर सोनिया को घेरा भाजपा ने

(लिमटी खरे)

नई दिल्ली। वजीरे आजम डाॅ.मनमोहन सिंह के खिलाफ परोक्ष तौर पर माहौल बनाने वाले कांग्रेस के आला नेता अब अपने ही जाल में खुद घिरते नजर आ रहे हैं। कांग्रेस की राजनीतिक बिसात में इक्कीसवीं सदी के चाणक्य की भूमिका निभाने वाले महासचिव राजा दिग्विजय सिंह को माकपा नेता डी.राजा ने तानाशाह तक कह डाला। उधर मार्शलों पर राजा दिग्विजय सिंह की टिप्पणी के चलते भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को जमकर घेरा है।


कांग्रेस में चल रही चर्चाओं के अनुसार मनमोहन सिंह की रूखसती और राहुल गांधी की ताजपोशी का ताना बाना बुन रहे कांग्रेस महासचिव राजा दिग्विजय सिंह ने हाल ही में एक विवादित बयान देकर कांग्रेस के लिए मुश्किलें पैदा कर दी हैं। पहले ट्टीट मंत्री के नाम से विख्यात शशि थरूर ने कांग्रेस के लिए अपने ट्वीट के माध्यम से मुश्किलें पैदा की थीं अब राजा दिग्विजय सिंह थरूर से प्रेरणा लेकर विवादित ट्वीट कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि दिग्गी राजा ने यह बयान इसलिए दिया था कि इससे मनमोहन की मुश्किलें बढ़ें पर उनका दांव उल्टा पड़ा और यह बयान कांग्रेस के लिए मुसीबत का सबब बनता दिख रहा है।


दिग्विजय सिंह ने हालिया ट्वीट में कहा है कि संसद का एक दिन और बर्बाद हो गया। 2004 से संसद में मार्शलों का इस्तेमाल नहीं हुआ है। अब इनके इस्तेमाल का उचित समय आ गया है। दिग्विजय सिंह का ट्वीट जैसे ही आॅन एयर हुआ वैसे ही विपक्ष ने इसे लपक लिया और कांग्रेस को घेरने की रणनीति बना डाली।


भाजपा के प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने इस पर तल्ख आपत्ति दर्ज करते हुए इसकी निंदा की और कहा कि वे यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी से पूछना चाहते हैं कि क्या सरकार ताकत के बल पर संसद चलाना चाहती है। साथ ही सोनिया से प्रश्न करते हुए जावड़ेकर ने यह भी कहा कि सोनिया यह स्पष्ट करें कि वे दिग्विजय के बयान से सहमत हैं या उनके खिलाफ कार्यवाही करेंगीं।


उधर माकपा नेता डी.राजा तो दिग्गी राजा के बयान से बेहद ही असहज नजर आए। उन्होंने साफ कहा कि दिग्विजय सिंह चाहते हैं कि सांसदों को संसद से ही उठाकर बाहर फेंक दिया जाए। राजा का कहना है कि दिग्विजय सिंह एक सूबे के सीएम रहे हैं तो उन्हें बेहतर मालूम होगा कि विधान के लिए स्थापित संस्थाओं की कार्यप्रणाली क्या रहती है। उन्होंने कहा कि वे भी चाहते हैं कि संसद चले, पर इसका मतलब यह नहीं कि सरकार मनमानी करे और विपक्ष खामोश बैठा रहे। उन्होंने इसे तानाशाही निरूपित करते हुए दिग्विजय सिंह पर अनेक प्रहार किए।


(क्रमशः जारी)

जुंआ नहीं, कौशल का खेल है रमी!


जुंआ नहीं, कौशल का खेल है रमी!

रमी में लुट रहे कुलीन परिवार के लोग

(लिमटी खरे)

नई दिल्ली। देश की राजनैतिक राजधानी में कुलीनों के एकत्र होकर मनोरंजन करने के एक स्थान (क्लब) में धोखा धड़ी और लूट आम बात हो गई है। राजधानी के एक क्लब में पिछले काफी अरसे से रमी में लूटने की शिकायतें मिलने पर क्लब प्रबंधन ने काफी समय से नोटिस बोर्ड पर एक सूचना चस्पा कर रखी है जिसमें रमी कार्ड खेलने वालों के लिए चेतावनी साफ तौर पर अंकित है।

राजधानी के ख्यातिलब्ध जिमखाना क्लब जिसमें प्रधानमंत्री, मंत्री, महामहिम राज्यपाल, वरिष्ठ नौकरशाह, सांसद, विधायक, उद्योगपति, पूंजीपति सदस्य हैं के नोटिस बोर्ड पर ताश का खेल रमी खेलने वालों के लिए बाकायदा चेतावनी का नोटिस चस्पा होना आश्चर्यजनक ही है।

क्लब के एक सदस्य ने नाम उजागर न करने की शर्त पर कहा कि क्लब प्रबंधन को शिकायतें मिल रही थीं कि रमी के खेल को गलत तरीके से प्रभावित करने के लिए जीतने पर ज्यादा प्वाईंट और हारने पर कलात्मक तरीके से कम अंक दर्शाए जाते हैं। इससे प्रति प्वाईंट लेन देन प्रभावित होता है।
उन्होंने कहा कि क्लब प्रबंधन ने बार बार खिलाडि़यों को चेताया पर खिलाड़ी नहीं माने तब मजबूरी में प्रबंधन को अपने नोटिस बोर्ड पर ही चेतावनी चस्पा कर दी। यह एक एसा प्रतिष्ठित क्लब है जहां सदस्य बनने के लिए तीन दशक अर्थात तीस साल तक इंतजार करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि एक पुरानी अदालत ने यह व्यवस्था दी थी कि रमी को जुंआ नहीं वरन् कौशल के एक खेल के रूप में देखा जाता है।