गुरुवार, 6 अक्तूबर 2011

नेहा सिंह ने कराया था रामटेक गोटेगांव के लिए अशासकीय संकल्प पारित


0 सिवनी से चलेगी पेंच व्हेली ट्रेन . . . 11

नेहा सिंह ने कराया था रामटेक गोटेगांव के लिए अशासकीय संकल्प पारित

विधायक रहते नेहा सिंह ने किए ब्राडगेज के लिए प्रयास

(लिमटी खरे)

नई दिल्ली। सिवनी वासियों के लिए यह सुखद आश्चर्य से कम नहीं था कि केवलारी की तत्कालीन भाजपा विधायक श्रीमति नेहा सिंह ने मध्य प्रदेश विधानसभा से एक अशासकीय संकल्प पारित कर केंद्र को भेजा था जिसमें रामटेक से गोटेगांव तक नई ब्राडगेज रेल लाईन की स्वीकृति देने का अनुरोध किया गया था। सिवनी के इतिहास में यह पहला ही मौका था जब सिवनी में ब्राडगेज के लिए किसी सांसद विधायक ने सीधे पहल की हो।

मध्य प्रदेश के सेवा निवृत मुख्य सचिव और तत्कालीन सचिव परिवहन राकेश साहनी ने 18 जुलाई 1991 को पत्र क्रमांक 10-144-91/ आठ के माध्यम से एक पत्र सचिव रेल्वे बोर्ड रेल मंत्रालय दिल्ली को प्रेषित किया गया था। इस पत्र में उल्लेख किया गया था कि 05 जुलाई 1991 को केवलारी की भाजपा विधायक श्रीमति नेहा सिंह ने एक अशासकीय संकल्प मध्य प्रदेश विधानसभा में प्रस्तुत किया था।

श्री साहनी ने आगे उल्लेखित किया था कि मध्य प्रदेश विधानसभा में सदन का मत था कि सिवनी बालाघाट और छिंदवाड़ा जिले की यातायात की समस्या के निवारण हेतु गोटेगांव से रामटेक के मध्य ब्राडगेज रेल्वे लाईन के निर्माण हेतु राज्य सरकार केंद्र सरकार से अनुरोध करे। सदन में चर्चा के दौरान तत्कालीन भाजपा विधायक श्रीमति नेहा सिंह ने इस बात पर जोर दिया कि सिवनी बालाघाट और छिंदवाड़ा जिले खनिज सम्पदा से भरपूर हैं, किन्तु इन जिलों में रेल परिवहन नहीं होने से यहां का औद्योगिक विकास नहीं हो पा रहा है।

चर्चा में श्रीमति नेहा सिंह ने उल्लेख किया था कि रामटेक से गोटेगांव तक 180 किलोमीटर लंबी रेल लाईन बिछाने पर चालीस किलोमीटर की बचत भी होगी। इस चर्चा में विधायक गौरी शंकर बिसेन, चंद्र शेखर साहू, रामजी मस्तकार ने भी मध्य प्रदेश की रेल सुविधाओं को अपर्याप्त बताया था। यह प्रस्ताव सदन द्वारा ध्वनि मत से पारित कर दिया गया था।

रेल्वे बोर्ड के सचिव को लिखे पत्र में राकेश साहनी ने साफ तौर पर कहा था कि जबलपुर से नागपुर के बीच तीन सौ किलोमीटर की नेरो गेज रेल लाईन उपलब्ध है, जिसके अमान परिवर्तन के लिए राज्य सरकार द्वारा 1981 से निरंतर अनुरोध किया जाता रहा है। गौरतलब है कि उस वक्त से अधिकांश समय मध्य प्रदेश और केंद्र में कांग्रेस का ही शासन रहा है। इस लिहाज से कांग्रेस ने सिवनी को सदा ही उपेक्षित रखा माना जा सकता है। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में जबलपुर से नागपुर या तो नेरो गेज या फिर बरास्ता इटारसी से छः सौ किलोमीटर लंबा सफर कर जाना होता है। स्मरणीय होगा कि रामटेक गोटेगांव के नए रेलखण्ड के निर्माण हेतु तत्कालीन प्रधानमंत्री पी.व्ही.नरसिंहराव ने गोटेगांव में चुनावी आमसभा में घोषणा की थी, किन्तु वे दुबारा प्रधानमंत्री नहीं बन सके और यह घोषणा चुनावी ही रह गई।